जांजगीर-चांपा, 14 जून 2026। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती को अपने जाल में फंसाकर धमकी देने और ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 13 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि शिवम बरेठ (22 वर्ष), निवासी धोबीपारा, थाना चांपा ने इंस्टाग्राम पर लगातार संदेश भेजकर उससे संपर्क स्थापित किया। कुछ समय तक बातचीत के बाद आरोपी ने युवती को बहला-फुसलाकर और पैसों का लालच देकर उसके बैंक खाते में राशि जमा कर दी। जब युवती ने पैसे लेने से इनकार किया तो आरोपी ने कहा कि बाद में रकम लौटा देना।
शिकायत के अनुसार, करीब 10-12 दिनों बाद आरोपी ने पैसों के बहाने युवती पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। वह फोन कर गाली-गलौज करने लगा और पैसे वापस करने के नाम पर लगातार धमकियां देने लगा। जब पीड़िता ने उससे बातचीत बंद कर दी तो आरोपी ने युवती और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा में अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और घटना के 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धमकी, ब्लैकमेलिंग या साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक रूकसाना बानो, प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक सहित थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




