जांजगीर-चांपा, 24 जून 2026। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सिवनी से 95 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो महिला आरोपियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सीएसपी जांजगीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम सिवनी में छापेमार कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिवनी गांव में बड़े पैमाने पर कच्ची महुआ शराब का संग्रहण कर बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भाटापारा और सारथी मोहल्ला में एक साथ दबिश दी।
बरामदगी का विवरण
- नारायण धीवर (55 वर्ष), भाटापारा सिवनी के कब्जे से 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद।
- भूलीन बाई बरेठ (50 वर्ष), सारथी मोहल्ला सिवनी के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद।
- सरोज बाई बरेठ (56 वर्ष), सारथी मोहल्ला सिवनी के कब्जे से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद।
पुलिस ने कुल 95 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 19 हजार रुपये है, जब्त की। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, नशे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू, उपनिरीक्षक गोपी सिंह, निकिता साहू, रुकसाना बानो, गौरी शंकर, ईश्वरी राठौर, सुमंत कंवर एवं महिला आरक्षक निरमा टोप्पो का सराहनीय योगदान रहा।




