बलौदा बाजार से गिरफ्तार आरोपी, नकदी और बलेनो कार जब्त; नकली बिल दिखाकर ज्वेलरी कारोबारी को बनाया था शिकार।

जांजगीर चाम्पा/पामगढ़- नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को पामगढ़ पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी राशि 40 हजार रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार (CG 04 QY 6279) जब्त कर ली है।
जानकारी के अनुसार, 26 जून को पामगढ़ स्थित ‘केसर लाल एंड संस’ ज्वेलरी दुकान के संचालक हिमांशु सोनी के पास सफेद बलेनो कार से दो युवक पहुंचे। उन्होंने 50 हजार रुपये की आवश्यकता बताते हुए सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने की बात कही। रसीद मांगने पर एक आरोपी ने खुद को अमित तिवारी बताते हुए नकली बिल दिखाया। व्यापारी ने मंगलसूत्र को असली समझकर 40 हजार रुपये दे दिए। आरोपियों के जाने के बाद जांच में पता चला कि मंगलसूत्र सोने का नहीं बल्कि बेनटेक्स का था।
शिकायत मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और एसडीओपी प्रदीप सोरी के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से बलौदा बाजार में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सोनी (22 वर्ष) एवं अमित सोनी (42 वर्ष), निवासी बलौदा बाजार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक सुरेश जाट, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार तथा थाना पामगढ़ की टीम की सराहनीय भूमिका रही।




