जांजगीर-चांपा, 24 जून 2026। सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले एक आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक नग चाकू बरामद कर जब्त किया गया है। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली की पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मड़वा चौक के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर लोगों को मारने दौड़ा रहा है तथा आने-जाने वालों को चाकू लहराकर डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी योगिता खापर्डे को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मड़वा चौक से संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम जयप्रकाश पटेल (33 वर्ष) निवासी ग्राम मड़वा भाटापारा, जांजगीर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश राठौर तथा आरक्षक विनोद राठौर एवं हजारी लाल मेरसा की सराहनीय भूमिका रही।




