जांजगीर-चांपा, 11 जून 2026। जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आयोजित एक कथित ईसाई चंगाई सभा के दौरान हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने पास्टर समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, हिंदू जागरण संगठन से जुड़े सतीश सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम उदयबंद के गुड़ीपारा में बद्रीनाथ बरेठ के घर पर चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सभा में लोगों को बीमारी का इलाज करने और चमत्कारी पानी पिलाने के नाम पर बुलाया जा रहा था तथा बाइबल और अन्य धार्मिक साहित्य का वितरण कर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 439/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस ने मौके से मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ (40 वर्ष) निवासी गुड़ीपारा, ग्राम उदयबंद तथा पास्टर रथराम महिलांगे (38 वर्ष) निवासी मूलमुला को हिरासत में लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने आसपास के लोगों को बुलाकर धार्मिक प्रचार-प्रसार करने तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करने की बात स्वीकार की। मौके से ईसाई धर्म से संबंधित दस्तावेज और साहित्य भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




