जांजगीर, 01 जून 2026। आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले एक युवक को सायबर थाना एवं सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुजरात और आरसीबी के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर घूरकोट निवासी आनंद किशोर धीवर (24 वर्ष) को रंगे हाथों पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने सट्टा गतिविधि में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें सट्टा संचालन से संबंधित एप्लीकेशन मिली। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैचों में हार-जीत पर रुपये का दांव लगाकर सट्टेबाजी कर रहा था।
इस मामले में थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 403/26 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक बी.एस. लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, राकेश तिवारी, आरक्षक दिलीप सिंह तथा सायबर थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा है कि जिले में सट्टा और जुआ गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।




