जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र स्थित शराब भट्टी में मामूली विवाद के बाद हुई चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंजीत सिंह, निवासी सुपेला, भिलाई (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी धीरज खाण्डेकर निवासी ग्राम करूमहू थाना मुलमुला अपने दोस्त हेतराम केवट के साथ 26 मई 2026 को अकलतरा आए थे। काम खत्म होने के बाद दोनों अकलतरा स्थित शराब भट्टी में शराब पीने पहुंचे। इसी दौरान चखना दुकान संचालक मंजीत सिंह से सिगरेट और चखना के पैसे को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का तथा धारदार चाकू से हमला कर दिया। घटना में धीरज खाण्डेकर के बाएं हाथ की भुजा के पास चोट आई, जबकि हेतराम केवट के दाहिने हाथ की मुट्ठी में चोट लगी।
मामले में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 293/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा (थाना प्रभारी अकलतरा), ASI सुरेंद्र कश्यप एवं आरक्षक शेष साहू का विशेष योगदान रहा।




