जांजगीर-चांपा पुलिस के अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत थाना चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 85 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद कर दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेहंदीपारा चांपा क्षेत्र में भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब की बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुबह-सुबह दबिश देकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी माला सहीस (48 वर्ष) के कब्जे से 31 लीटर, सावित्री सहीस (53 वर्ष) के कब्जे से 29 लीटर तथा आरोपी बिजेंद्र पटेल (30 वर्ष) के कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 17 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर, बलवंत धृतलहरे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, अमृत सलूजा, आरक्षक गौरीशंकर राय, मुद्रीका दुबे, प्रकाश द्विवेदी, ईश्वरी राठौर, महिला आरक्षक निरमा टोपो एवं संगीता लहरे की सराहनीय भूमिका रही।




