जांजगीर चाम्पा–जनचौपाल कार्यक्रम में विपक्षी विधायक के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर सियासत गरमा गई है। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोसला में आयोजित जनचौपाल में पहुंची विधायक शेषराज हरवंश ने जिला प्रशासन पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
विधायक का कहना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक पहले कलेक्टर और एसपी द्वारा फोन कर कार्यक्रम को “गोपनीय” बताते हुए वहां मौजूद नहीं रहने को कहा गया। जबकि सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर पहले से मौजूद थे।
विधायक ने सवाल उठाया कि क्या विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को जनचौपाल जैसे सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रखना लोकतंत्र के खिलाफ नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से स्पष्ट जवाब मांगा है कि यह निर्देश सरकार की ओर से था या जिला प्रशासन ने स्वयं ऐसा कदम उठाया।
घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। विधायक ने इसे विपक्ष की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक अधिकारों का अपमान बताया है।




