जांजगीर-चांपा। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चांपा पुलिस ने लाखों रुपये कीमत के मादक पदार्थ गांजा के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिला आरोपी की पहचान मोंगरा बाई (34 वर्ष) निवासी ग्राम पिसौद थाना जांजगीर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 2.1 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा 450 रुपये नगद जब्त किए गए हैं।
कार्रवाई प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोजपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास एक महिला गांजा बिक्री कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 234/26 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी चांपा पुलिस ने नशीली कफ सिरप, कच्ची महुआ शराब और देशी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लगातार कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।




