जांजगीर के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के खिलाफ तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर देश की जनता को गुमराह कर रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी की सचिव श्रीमती नम्रता नामदेव ने कहा कि भाजपा लगातार झूठा प्रचार कर रही है कि कांग्रेस और विपक्षी दल महिला आरक्षण के खिलाफ हैं, जबकि सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं को राजनीतिक अधिकार दिलाने के पक्ष में रही है और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ इसका प्रमाण है।
राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में पेश किए गए विधेयक में महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने के बजाय परिसीमन को प्राथमिकता देना कई सवाल खड़े करता है।
वहीं जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की ऐतिहासिक पहल कांग्रेस सरकारों ने ही की थी। उन्होंने याद दिलाया कि पंचायतों और स्थानीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने की शुरुआत कांग्रेस शासनकाल में हुई थी।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला आरक्षण पर कांग्रेस को घेरना पूरी तरह गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘नारी वंदन अधिनियम 2023’ पारित होने के बावजूद केंद्र सरकार ने जनगणना और परिसीमन की शर्तों के कारण इसे लागू नहीं किया। अब चुनावी माहौल में इसका राजनीतिक लाभ लेने के लिए जनता को भ्रमित किया जा रहा है।
इस प्रेसवार्ता में जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश पैगवार, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामबिलास राठौर, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष भगवान दास गढ़ेवाल, महामंत्री रफीक सिद्धिकी, शिशिर द्विवेदी, राघवेन्द्र नामदेव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




