सक्ति। बाराद्वार के डुमरपारा डोलोमाइट परियोजना की जनसुनवाई जोरदार विरोध के साथ संपन्न हुआ। जनसुनवाई में भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री उमा राजेंद्र राठौर ने पहुँच कर आम जनता की आवाज उठाई। क्षेत्र में प्रस्तावित एमआरएस मिनरल्स की डोलोमाइट परियोजना को लेकर आयोजित जनसुनवाई में स्थानीय लोगों का विरोध देखने को मिला। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा एवं जिला पंचायत जांजगीर के सभापति श्रीमती उमा राजेंद्र राठौर के नेतृत्व में महिलाओं और ग्रामीणों ने जनहित के मुद्दों को उठाते हुए परियोजना का विरोध किया। जनसुनवाई के दौरान उपस्थित लोगों ने बताया कि डोलोमाइट खनन से क्षेत्र के पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। धूल, प्रदूषण और जल स्रोतों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई। ग्रामीणों ने कहा कि इससे खेती-किसानी और आम जनजीवन पर भी बुरा असर पड़ेगा।
श्रीमती उमा राजेंद्र राठौर ने जनसुनवाई में कहा कि क्षेत्र के लोगों की सहमति के बिना इस प्रकार की परियोजनाएं लागू करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस परियोजना पर पुनर्विचार किया जाए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा। जनसुनवाई में राजेंद्र राठौर सहित चूड़ामणि राठौर जनपद पंचायत बलौदा सभापति, राकेश्वर बरेठ जनपद सदस्य बलौदा, संजय रत्नाकर सरपंच ग्राम कोसमंदा एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने लोगों की आपत्तियों को दर्ज करने का आश्वासन दिया। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है।
–




