
जांजगीर चाम्पा-बलौदा ब्लॉक के ग्राम कोसमन्दा में शासकीय उचित मूल्य की दुकान से मार्च माह का राशन लगभग 500 हितग्राहियों को नहीं मिल पाया है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में राशन कार्डधारियों की संख्या अधिक होने के बावजूद केवल एक ही उचित मूल्य की दुकान संचालित हो रही है। इस कारण पूरे महीने दुकान में लंबी कतार लगी रहती है और लोगों को राशन लेने के लिए 3 से 4 दिन तक इंतजार करना पड़ता है।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब पिछले माह 21 से 25 तारीख तक फिंगर मशीन अपडेट के नाम पर दुकान बंद रही। इस वजह से सैकड़ों हितग्राही राशन से वंचित रह गए।
दुकान संचालक का कहना है कि मशीन अपडेट होने के बाद प्रक्रिया में अधिक समय लग रहा है, जिसके कारण वितरण प्रभावित हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से गांव में शासकीय उचित मूल्य की एक और दुकान खोलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
लगातार हो रही भीड़ और अव्यवस्था के कारण दुकान में आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




