जांजगीर-चांपा, 03 अप्रैल 2026।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक युवती को पहले दोस्ती के जाल में फंसाया और बाद में उसके अश्लील फोटो-वीडियो अपने कब्जे में लेकर अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी से उसके परिजनों को भेजना शुरू कर दिया। इसके साथ ही आरोपियों ने करीब 70 हजार रुपये की मांग करते हुए फोटो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर तकनीक की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े मोबाइल नंबरों का पता लगाया गया, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष) और शिवम भवानी (19 वर्ष), निवासी पाली नैला के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जप्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता एवं उनकी टीम की अहम भूमिका रही।




