जांजगीर चाम्पा–जांजगीर सिटी कोतवाली पुलिस ने किराना दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 10 हजार रुपये का किराना सामान भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शोभाराम साहू निवासी बीरगहनी ने 1 अप्रैल 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बीरगहनी चौक में किराना दुकान संचालित करता है। 31 मार्च की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे राशन सामग्री की चोरी कर ली।
मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दो संदिग्ध युवक घटना के समय आसपास घूमते नजर आए।
फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान अमित पटेल (19 वर्ष) और राजवीर सिंह राजपूत (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15 देवाटन बिरगहनी के रूप में हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनके कब्जे से चोरी गया पूरा किराना सामान, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये है, बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, आरक्षक विनोद राठौर और नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।




