जांजगीर चाम्पा–आज सुबह करीब 10:00 बजे थाना पामगढ़ क्षेत्र के विकास नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मामूली विवाद ने गोलीकांड का रूप ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास गाली-गलौज कर रहे थे। इस दौरान दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने उन्हें मना किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज के पैर (जांघ) में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल CHC पामगढ़ ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी भाई को हिरासत में ले लिया है। मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।




