जांजगीर-चांपा, 10 फरवरी 2026। जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में थाना अजाक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 को प्रार्थी रवि कुमार गुप्ता अपने साथियों के साथ सीमांकन कराई गई भूमि पर सीमेंट का खंभा गाड़ने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी हेमंत कुमार शर्मा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और सार्वजनिक स्थान पर जातिसूचक अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की, जिससे प्रार्थी को चोटें आईं।
प्रार्थी की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना अजाक में अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 191(2), 191 बीएनएस एवं अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(5क), 3(1)(द)(ध) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना के बाद से आरोपी हेमंत कुमार शर्मा (47 वर्ष), निवासी शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर टीम एवं थाना अजाक की संयुक्त टीम ने लगातार तलाश कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय जांजगीर में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक रंजीत सिंह कंवर एवं प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक का सराहनीय योगदान रहा।




