
जांजगीर चाम्पा-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसमन्दा में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, प्रशिक्षक श्री एस आर यादव से.नि.शिक्षक, सरपंच श्री संजय कुमार रत्नाकर, संकुल प्राचार्य श्री गोरे लाल चौहान, संकुल समन्वयक श्री राम कुमार श्यामकर, व्याख्याता श्रीमती शबनम अल्का दान, प्रधान पाठक श्री देवांगन, डी के राठौर, श्रीमती करुणा सोनी,श्रीमती दीप कुमारी राठौर आदि उपस्थित थे एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री चौहान सर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “योगश्चित्तवृत्ति निरोधः” अर्थात योग मन की चंचल वृत्तियों को नियंत्रित करने का माध्यम है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को योग को अपने दैनिक आचरण एवं जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत एवं एकाग्र रहता है, जिससे मानसिक तनाव कम होता है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
शिविर में प्रशिक्षकों द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने प्रतिदिन योग करने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
“करें योग, रहें निरोग” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।




