जांजगीर-चांपा जिले के चौकी नैला अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर के भीतर मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक रमेश कुमार पटेल का करीब एक सप्ताह पहले अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी के लौटने से इनकार करने पर वह अकेला घर वापस आ गया।
बुधवार सुबह मृतक के पिता परदेसी राम पटेल गांव से बाहर गए हुए थे। करीब 11:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके पुत्र और दोनों नाती घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। घर पहुंचने पर तीनों के शव मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए CSP जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पहुंचीं और जांच की कमान संभाली। फॉरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कीटनाशक सेवन कर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।




