अकलतरा, 11 जून 2026। थाना अकलतरा क्षेत्र में रैली निकालने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शुभम सोनी (26 वर्ष) निवासी कोटमी सोनार ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई कि 10 जून 2026 की रात्रि में गांव के ही रोशन खान ने रैली निकालने एवं “नेता बनते हो” कहकर उसके साथ गाली-गलौज की। शिकायत के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने डंडे से मारपीट कर दी, जिससे प्रार्थी को चोटें आईं।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना अकलतरा में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 331/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी द्वारा पुनः गाली-गलौज किए जाने पर उसके विरुद्ध BNSS की धारा 117/126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी रोशन खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। :::




