जांजगीर-चांपा, 10 जून 2026। थाना चांपा पुलिस ने दुकानदार से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर मारपीट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, शंकर नगर चांपा निवासी दीपक देवांगन ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 जून की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान शंकर नगर निवासी शंकर दास महंत उर्फ बिल्ला और उसका साथी तुषार बरेठ उर्फ तुस्सु ने उसे रास्ते में रोक लिया।
आरोप है कि दोनों युवकों ने दुकानदार से कहा कि उसकी दुकान अच्छी चलती है और उन्हें शराब पीने के लिए पैसे चाहिए। जब दीपक ने पैसे देने से मना किया तो दोनों आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट की।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर दास उर्फ बिल्ला महंत (27 वर्ष) और तुषार बरेठ उर्फ तुस्सु (19 वर्ष), दोनों निवासी शंकर नगर, चांपा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक वीरेश सिंह एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




