
जांजगीर-चांपा, 10 जून 2026। मुलमुला पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई।
पहले मामले में एक आरोपी द्वारा नाबालिग बालिका के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर उसे बदनाम करने तथा उसके परिवार को धमकी देने का मामला सामने आया था। शिकायत के आधार पर थाना मुलमुला में आईटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी निलेश भैना (21 वर्ष), निवासी नगारीडीह, थाना शिवरीनारायण को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दूसरे मामले में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आधी रात को एक युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले में थाना मुलमुला में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शुभम दास (20 वर्ष), निवासी ग्राम जोगीडीपा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल, उपनिरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह तथा आरक्षक सनीहर जगत और मनभावन पटेल का विशेष योगदान रहा।




