जांजगीर-चांपा, 9 जून 2026। सोशल मीडिया पर महिला का निजी वीडियो वायरल करने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान संतोष सोनी (28 वर्ष), निवासी चांपा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता और आरोपी के बीच पिछले चार वर्षों से परिचय था। इसी दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी और सहमति के बिना उसके निजी फोटो एवं वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। बाद में दोनों के बीच विवाद होने पर आरोपी ने बदले की भावना से महिला के निजी एवं अश्लील वीडियो इंस्टाग्राम के माध्यम से भेजकर वायरल कर दिया।
मामले की शिकायत मिलने पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 289/26 दर्ज कर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 एवं 67(ए) के तहत प्रकरण कायम किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चांपा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामले के सफल और त्वरित खुलासे में निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, उप निरीक्षक बलवंत धृतलहरे, पीएसआई रुकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, श्याम राठौर, गौरीशंकर राय तथा थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




