जांजगीर-चांपा, 04 जून 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत कुल 80 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें विभिन्न थाना, चौकी, यातायात शाखा एवं पुलिस सहायता केंद्रों में नई पदस्थापना दी गई है।
पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार ऐसे कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर स्थानांतरित किया गया है, जो तीन वर्ष अथवा उससे अधिक समय से एक ही थाना, चौकी या शाखा में पदस्थ थे। प्रशासनिक दृष्टि से यह कदम कार्य में पारदर्शिता, दक्षता और संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
स्थानांतरण आदेश में सबसे अधिक बदलाव यातायात शाखा में देखने को मिला है। यातायात शाखा में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत 23 कर्मचारियों को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों सहित करही में पदस्थ किया गया है। वहीं थाना और चौकी स्तर पर कार्यरत कुछ कर्मचारियों को यातायात शाखा में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में 05 जून को प्रस्तावित पुलिस सहायता केंद्र के संचालन के लिए प्रभारी सहित पुलिस कर्मियों की अलग से पदस्थापना की गई है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को त्वरित पुलिस सहायता, सुरक्षा सेवाएं और कानून-व्यवस्था संबंधी सुविधाएं अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से जिले में पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आम जनता को बेहतर सुरक्षा एवं सेवा प्रदान करने में मदद मिलेगी।




