जांजगीर-चांपा पुलिस के थाना बलौदा पुलिस को नाबालिग बालिका के अपहरण, अनाचार और आत्महत्या के प्रयास के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी उत्तम सिंह नर्मदा उर्फ ननकु (36 वर्ष) निवासी रसौटा थाना बलौदा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को नाबालिग बालिका घर से चॉइस सेंटर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर थाना बलौदा में गुम इंसान एवं अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने मोटरसाइकिल से बालिका को भगाकर ले जाना स्वीकार किया। आरोपी ने बदनामी के डर से स्वयं और बालिका को कीटनाशक दवाई पिलाकर आत्महत्या करने का प्रयास भी किया था।
मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2), 64(2)(एम), 109(1), 123 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, एसआई सुनील कुमार टैगोर, आरक्षक रामकुमारी मार्को, अनुज खरे और सुमित श्रीवास की सराहनीय भूमिका रही।




