
जांजगीर चाम्पा–विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने हाई स्कूल मड़वा में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने स्कूल का ताला तोड़कर कार्यालय और स्टाफ रूम में रखे टीवी, लैपटॉप, प्रोजेक्टर समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 80 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद कर लिया।
मुख्य आरोपी की पहचान उमेश बंजारे उर्फ ननकी (22 वर्ष) निवासी औराईकला, चौकी नैला जांजगीर के रूप में हुई है।
क्या था मामला
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मड़वा के शिक्षक ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 मई की शाम स्कूल बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए थे। 18 मई की सुबह प्राचार्य ने फोन कर स्कूल में चोरी होने की जानकारी दी।
स्कूल पहुंचने पर प्राचार्य कक्ष, प्रयोगशाला और स्टाफ रूम के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और टीवी, लैपटॉप व प्रोजेक्टर गायब थे। साथ ही लैब और कार्यालय के सामान में तोड़फोड़ भी की गई थी।
पुलिस ने ऐसे पकड़े आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदेहियों की पहचान की। घेराबंदी कर पकड़े गए उमेश बंजारे ने पहले पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने दो नाबालिग साथियों के साथ चोरी करना कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।




