जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना करने पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति पर आरोपी ने लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान मोहनलाल महिपाल के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी उमाशंकर साहू (34 वर्ष) निवासी ग्राम तनौद, थाना शिवरीनारायण बताया गया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सत्यवान महिपाल गांव में पंचराम पटेल के घर के सामने बैठा था। इसी दौरान आरोपी उमाशंकर साहू वहां पहुंचकर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने लगा। मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। विवाद बढ़ता देख सत्यवान के पिता मोहनलाल महिपाल बीच-बचाव करने पहुंचे, तभी आरोपी ने लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल मोहनलाल महिपाल को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरौद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना शिवरीनारायण पुलिस ने अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव सहित थाना शिवरीनारायण स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




