जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में 2 लाख 21 हजार रुपये की कथित चोरी का मामला कुछ ही घंटों में झूठा साबित हो गया।
आवेदक नरेश भारद्वाज निवासी बनडभरा ने पुलिस को आवेदन देकर बताया था कि खेत बिक्री से मिले ₹2,21,000 घर की अलमारी में रखे थे, जिन्हें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिर्रा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने आवेदक और परिजनों से कड़ाई एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की।
पूछताछ में आवेदक टूट गया और बताया कि उसने गांव के देनदारों को पैसा लौटाने से बचने के लिए खुद ही झूठी चोरी की कहानी रची थी। उसने अलमारी को घर से दूर क्षतिग्रस्त हालत में छोड़ दिया था और पूरी रकम घर की छत में छिपाकर रखी थी।
पुलिस ने छिपाए गए ₹2,21,000 बरामद कर परिजनों एवं गवाहों की मौजूदगी में सुपुर्द किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जय कुमार साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




