जांजगीर-चांपा, 03 अप्रैल 2026।
थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम गोधना में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक महिला पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी भोलाशंकर कश्यप (60 वर्ष) ने अपने ही रिश्तेदारी में आने वाली महिला निर्मला कश्यप पर उस समय हमला किया, जब वह घर में अकेली थी। आरोपी ने टांगी से महिला के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।
घटना के दौरान जब प्रार्थी विशाल कश्यप घर पहुंचा, तो आरोपी ने उस पर भी टांगी से हमला कर जान से मारने की धमकी दी, जिससे उसके हाथ में चोट आई। अंदर जाकर देखने पर उसकी पत्नी खून से लथपथ हालत में मिली।
घायल महिला को तत्काल शासकीय अस्पताल नवागढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही थाना नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध पंजीबद्ध कर साक्ष्य संकलन व गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109(1), 331(7) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




