जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी योगेश कुमार देवांगन, निवासी भोजपुर (थाना चांपा) ने 15 मार्च 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि भोजपुर स्थित समलाई मंदिर के पास भागवत कथा आयोजन के दौरान मुख्य मार्ग किनारे एक फ्लेक्स बैनर लगाया गया था।
घटना के दिन कलश यात्रा के दौरान, जब श्रद्धालु हसदेव नदी से जल भरकर लौट रहे थे, उसी समय आरोपी राजेश वाल्टर (71 वर्ष), निवासी मिशन फाटक रोड, भोजपुर चांपा ने उक्त बैनर को फाड़ दिया। इस घटना से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
रिपोर्ट के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 111/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 298 BNS के तहत कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर एवं थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




