जांजगीर-चांपा | 18 मार्च 2026
अकलतरा पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए End to End विवेचना के तहत सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में आदतन आरोपी भास्कर राठौर (54 वर्ष) निवासी सारागांव को गिरफ्तार किया गया है, जो पहले भी गांजा तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन अकलतरा के पास कुछ लोग गांजा लेकर मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपियों के पास से कुल 5 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 58 हजार रुपए बताई जा रही है।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी ओडिशा से गांजा मंगवाता था और इसमें कम उम्र के बच्चों का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए ओडिशा के हिमगिर से शाहिद खान उर्फ गुलाप खान को भी गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में यह सामने आया कि मुख्य आरोपी भास्कर राठौर ही इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। इसके बाद पुलिस ने सारागांव में दबिश देकर आरोपी के कब्जे से 120 ग्राम गांजा और 1050 रुपए नगद भी बरामद किए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना अकलतरा के निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।




