जांजगीर चाम्पा–बीच-बचाव करने गए युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में अकलतरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 116/2026, धारा 109, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार रूपेश उर्फ टिंगा (19 वर्ष), निवासी अमरताल थाना अकलतरा अपने एक साथी के साथ विवाद कर रहा था। उसी दौरान गांव के फिरोज कुर्रे बीच-बचाव करने पहुंचे। इस पर आरोपी नाराज हो गया और अपने साथी के साथ मिलकर फिरोज कुर्रे के साथ मारपीट करते हुए उसे जमीन पर गिरा दिया तथा अपने पास रखे चाकू से पेट में वार कर दिया।
घटना में फिरोज कुर्रे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं मामले में शामिल अपचारी बालक को कोरबा बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा (थाना प्रभारी अकलतरा) एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




