जांजगीर-चांपा, 26 फरवरी 2026। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। पुलिस को सूचना मिली है कि चोर/उठाईगिरी गिरोह सक्रिय है, जो स्वयं को क्राइम ब्रांच पुलिस बताकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले बिलासपुर क्षेत्र में ऐसे गिरोह के सदस्यों द्वारा लोगों को यह कहकर रोका गया कि आगे पुलिस चेकिंग चल रही है। इसके बाद उन्होंने जांच के नाम पर लोगों से सोने की चेन, अंगूठी और अन्य आभूषण उतरवाकर उठाईगिरी की घटना को अंजाम दिया।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस कभी भी चेकिंग के नाम पर किसी व्यक्ति के पहने हुए गहने उतरवाकर अपने पास नहीं रखती। यदि कोई व्यक्ति स्वयं को पुलिस या क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर इस प्रकार की हरकत करता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या चौकी में दें। नागरिक सतर्क रहें और अनजान व्यक्तियों के झांसे में न आएं।




