जांजगीर-चांपा, 12 फरवरी 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर 8 करोड़ 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा सक्ती, जिला सक्ती ने 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान कलकत्ता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश पर प्रति माह 5 प्रतिशत ब्याज और अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का लालच दिया।
आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी सहित अन्य लोगों ने कुल 8,45,00,000 रुपये नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से निवेश किए। शुरुआत में कुछ लोगों को 1 से 8 माह तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में आरोपी टालमटोल करने लगा और कंपनी में घाटे का हवाला देकर रकम लौटाने का झूठा आश्वासन देता रहा।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 35/26 के तहत धारा 420, 34 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी विश्वजीत देबनाथ को ईटला पोडा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम से एक क्रेटा कार खरीदने, सोना लेने, घर का रंग-रोगन कराने तथा सोना आईडीबीआई बैंक में रखने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 3 महंगे मोबाइल फोन और 30,000 रुपये नगद बरामद कर जब्त किए हैं।
आरोपी को विधिवत पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, आरक्षक आदित्य प्रताप, गोपेश्वर सिंह, महिला आरक्षक निरमा टोप्पों तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।




