

जांजगीर चाम्पा, 10 फरवरी 2026। शिवरीनारायण मेले में संचालित आकाश झूला में मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक दुर्घटना हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना के समय झूले में लोग झूल रहे थे और कुछ लोग टिकट काउंटर व लाइन के पास खड़े थे। तभी झूले का एक लोहे का चद्दर पार्ट अचानक नीचे गिर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों को चोटें आईं।
घायलों में भूमिका कश्यप (23 वर्ष), निवासी मालदा, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती को सिर में गंभीर चोट आई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं चंद्रकांता कश्यप (15 वर्ष), निवासी बहुत, थाना हसौद, जिला सक्ती और गीताबाई साहू (50 वर्ष), निवासी पामगढ़ को सामान्य चोटें आई हैं, जिनका उपचार शबरी अस्पताल, शिवरीनारायण में जारी है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस द्वारा मामले की प्रारंभिक जांच की जा रही है तथा झूला संचालक उमेश गुप्ता के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।




