
जांजगीर-चांपा — थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धारदार हथियार लेकर आने-जाने वालों को डराने वाले एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली की टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नहरिया बाबा रोड, नहर किनारे एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा रहा है। सूचना से तत्काल पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप एवं CSP कोतवाली श्रीमती योगिता खापर्डे को अवगत कराया गया।
अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई। पुलिस टीम ने नहरिया बाबा रोड नहर के पास से एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरेंद्र बरेठ, पिता घासीराम बरेठ, निवासी वार्ड क्रमांक 6, बी.डी. महंत उपनगर, जांजगीर बताया।
आरोपी के कब्जे से 01 नग धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।




