आरोपियों ने ट्रैक्टर से रास्ता रोककर मारपीट की और जेब से 2500 रुपये छीनकर फरार हो गए।
जांजगीर चाम्पा-थाना चांपा क्षेत्रांतर्गत ग्राम सिवनी-चांपा मार्ग पर ट्रैक्टर से रास्ता रोककर युवक से मारपीट एवं रुपये छीनने वाले 3 आरोपियों को पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में चांपा पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए 500 रुपये बरामद किए हैं।
घटना का विवरण
ग्राम सिवनी निवासी प्रार्थी संजय शर्मा ने दिनांक 26 मई 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 मई की रात करीब 8:45 बजे वह अपनी एक्टिवा से सिवनी से चांपा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सिवनी-जगदल्ला मार्ग पर पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने पूरा रास्ता घेर लिया। अंतिम समय में प्रार्थी ने वाहन खेत की ओर उतारकर अपनी जान बचाई।
इसके बाद जब प्रार्थी सिंचाई विभाग ऑफिस चौक के पास पहुंचे, तो वहां खड़े ट्रैक्टर का फोटो एवं वीडियो बनाने लगे। इसी बात को लेकर ट्रैक्टर चालक और उसके साथियों सहित अन्य दो युवकों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने प्रार्थी की जेब से करीब 2500 रुपये छीन लिए तथा वाहन की चाबी छीनने का भी प्रयास किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 264/26 धारा 304(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस कार्यवाही
थाना चांपा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गवाहों के बयान एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर ट्रैक्टर चालक एवं अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि छीने गए 2500 रुपये में से 1500 रुपये डीजल/तेल भरवाने तथा 500 रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए गए। शेष 500 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
मुकेश कुमार देवांगन निवासी राजापारा चांपा
अमर सिंह सिदार निवासी जगदल्ला चांपा
राहुल यादव निवासी जगदल्ला थाना चांपा
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रआर गणेश कौशिक, आदित्य प्रताप सिंह, कैलाश यादव एवं थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




