जांजगीर-चांपा, 04 जून 2026। जांजगीर-चांपा जिले की साइबर थाना पुलिस और चौकी नैला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साइकिल सवार युवक से मोबाइल और सोने का लॉकेट झपटने वाले गिरोह का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक भी घटना में शामिल पाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटा गया मोबाइल और सोने का लॉकेट बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी चंद्रहास यादव, निवासी कन्हाईबंद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 मई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान शनि होटल के पास कन्हाईबंद रोड नैला में बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया और उसका मोबाइल तथा गले में पहना सोने का लॉकेट झपट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट करने का प्रयास भी किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर थाना एवं चौकी नैला की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी झपटमारी के सामान को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल से कन्हाईबंद की ओर जा रहे थे। रास्ते में मोबाइल पर बात कर रहे अकेले साइकिल सवार को देखकर उन्होंने झपटमारी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। आरोपी लूटे गए सामान को बेचकर रकम आपस में बांटने की तैयारी में थे।
गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत सारथी (21 वर्ष) निवासी सारथी मोहल्ला जांजगीर तथा कोमल कश्यप (19 वर्ष) निवासी नैला शामिल हैं। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता पाई गई है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी नैला निरीक्षक रंजीत कंवर, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान तथा साइबर एवं नैला पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




