
जांजगीर-चांपा/शिवरीनारायण। महानदी के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। महानदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसका सीधा असर शिवरीनारायण–गिधौरी शबरी सेतु पर पड़ा है। पुल के ऊपर करीब 2 फीट पानी बहने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से सेतु पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।
दो जिलों का सड़क संपर्क टूटा
शनिवार शाम करीब 6 बजे तक शबरी सेतु के ऊपर लगभग दो फीट पानी बहता देखा गया। पानी का बहाव लगातार बढ़ने की स्थिति को देखते हुए शिवरीनारायण और गिधौरी के बीच आवागमन रोक दिया गया है। इससे दोनों जिलों के बीच इस महत्वपूर्ण मार्ग का संपर्क फिलहाल बाधित हो गया है।
कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा
जलस्तर बढ़ने की सूचना मिलते ही कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा महानदी के जलस्तर और आसपास के इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुल पर प्रशासन की पैनी नजर, टीमें तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग (PWD), पुलिस, राजस्व विभाग और SDRF सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं। प्रशासन द्वारा लगातार जलस्तर की निगरानी की जा रही है और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रशासन की अपील—नदी और पुल के पास न जाएं
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, पुल और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। बैरिकेडिंग और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देते हुए केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।
महानदी के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए शबरी सेतु पर आवागमन कब तक बंद रहेगा, इसे लेकर आगे का निर्णय परिस्थितियों और जलस्तर की स्थिति के आधार पर प्रशासन द्वारा लिया जाएगा।




