
जांजगीर चांपा। जिले के चांपा से लगे ग्राम सिवनी में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सामूहिक गायन कार्यक्रम का आज आयोजन किया गया। हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम शासकीय हाई स्कूल सिवनी एवं सरस्वती शिशु मंदिर सिवनी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।कार्यक्रम में सामूहिक वंदे मातरम गायन के लिए ग्रामवासियों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को आमंत्रित किया गया था। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सामूहिक गायन के दौरान पूरा मैदान देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। सामूहिक गायन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




