कोसमंदा(चाम्पा)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत कोसमंदा में इस वर्ष ध्वजारोहण का कार्यक्रम खास और प्रेरणादायक रहा। ग्राम पंचायत के सरपंच संजय रत्नाकर ने नई पहल करते हुए ध्वजारोहण का सम्मान गांव के दसवीं कक्षा के टॉपर एवं मेधावी विद्यार्थियों को देने का निर्णय लिया।
सरपंच की पहल के तहत स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम पंचायत परिसर में दसवीं कक्षा के टॉपर विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। विद्यार्थियों के हाथों तिरंगा फहराए जाने से कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर सरपंच संजय रत्नाकर ने कहा कि बच्चे गांव और देश का भविष्य हैं। उनकी मेहनत और प्रतिभा को सम्मान देने से अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर पढ़ाई करने की प्रेरणा मिलेगी। राष्ट्रीय पर्व पर मेधावी विद्यार्थियों को ध्वजारोहण का अवसर देना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ भविष्य के लिए प्रोत्साहन भी है।
ग्राम पंचायत की इस पहल की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि आमतौर पर ध्वजारोहण जनप्रतिनिधियों अथवा विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया जाता है, लेकिन टॉपर विद्यार्थियों के हाथों तिरंगा फहराकर उन्हें सम्मान देना शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने वाली अनुकरणीय पहल है।
इस पहल से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा और गांव के अन्य बच्चों के बीच भी शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश गया। ग्राम पंचायत कोसमंदा का यह आयोजन “मेहनत करने वाले बच्चों का सम्मान और शिक्षा को प्रोत्साहन” देने की दिशा में एक सराहनीय एवं अनुकरणीय कदम बन गया।




