जांजगीर-चांपा, 7 जुलाई 2026। सारागांव पुलिस ने चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी फार्म हाउस से चोरी किए गए सामान को स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी पवन राठौर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एनएच-49 स्थित उनके निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के सामने बने फार्म हाउस से सबमर्सिबल पंप, रॉड कटर मशीन, बिजली तार, सबमर्सिबल पैनल और प्लास्टिक चेयर सहित करीब 20 हजार रुपये का सामान चोरी हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सारागांव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा चोरी में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार गोयल (29 वर्ष) और महेश गोयल (27 वर्ष), दोनों निवासी मुरलीडीह कंजी, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी एवं सारागांव थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




