जांजगीर-चाम्पा | 09 मार्च 2026
जांजगीर-चाम्पा जिले के ग्राम लच्छनपुर में पंचायत बैठक के दौरान विवाद कर सरपंच को गाली-गलौच एवं जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को अजाक पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी गेंदराम, निवासी ग्राम लच्छनपुर थाना जांजगीर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 फरवरी 2026 को ग्राम पंचायत लच्छनपुर के पंचायत भवन में गांव के विकास कार्यों को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान गांव का ही निवासी रामगोपाल साहू (38 वर्ष) भी मौजूद था।
दोपहर करीब 2 बजे विकास कार्यों पर चर्चा के दौरान आरोपी ने अनावश्यक विवाद शुरू कर दिया। बैठक में मौजूद लोगों द्वारा समझाने के बावजूद आरोपी ने प्रार्थी को अश्लील गाली-गलौच करते हुए धमकी दी कि वह पंचायत के नाम पर अवैध वसूली करेगा और जिसे रोकना हो रोक कर दिखाए। जब प्रार्थी ने गाली-गलौच से मना किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। बाद में बैठक में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3) बीएनएस एवं 3(2)(5), 3(1) एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सतरूपा तारम के नेतृत्व में अजाक पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रामगोपाल साहू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी हत्या, बलवा एवं धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रंजीत सिंह कंवर, सहायक उपनिरीक्षक रामेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण खैरवार, आरक्षक मंगल सिंह नेताम एवं संजय साहू का सराहनीय योगदान रहा।




