जांजगीर-चांपा। होली उत्सव के दौरान नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार सोनू दरवेश (34 वर्ष) निवासी इंदिरा आवास, वार्ड नंबर 4 भाटापारा सुकली जांजगीर ने होली के दिन अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर नाच-गाना कर रहा था। इसी दौरान तीन नाबालिग बच्चे भी वहां डांस करने पहुंचे। आरोप है कि आरोपी ने बच्चों को कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर दबावपूर्वक पिला दिया।
शराब पीने के बाद बच्चों की हालत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी होने लगी। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ की, जिसमें घटना की पुष्टि हुई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली योगिता बालिका खापर्डे को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर के पास से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा और आरक्षक दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।




