
जांजगीर-चांपा | 21 फरवरी 2026
थाना बिर्रा पुलिस एवं साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के गहने, चोरी हुआ मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को वाहन जप्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया श्रीमती कृष्णो साहू, निवासी तालदेवरी थाना बिर्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 जनवरी 2026 की रात परिवार के साथ सोने के बाद सुबह लगभग 4 बजे उठने पर कमरे की अलमारी और लॉकर खुला मिला। लॉकर में रखे सोने का लॉकेट, सोने के टाप्स, चांदी की पायल, मोबाइल, नगदी 30 हजार रुपये सहित कुल लगभग 1,19,000 रुपये की संपत्ति चोरी हो चुकी थी। रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांपा सतरूपा तारम के पर्यवेक्षण में बिर्रा पुलिस और साइबर टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार कर्ष (28 वर्ष) निवासी मुड़पार राधाकृष्ण मोहल्ला थाना शिवरीनारायण, जितेन्द्र साहू (28 वर्ष) निवासी कनस्दा वार्ड क्रमांक 09 थाना शिवरीनारायण तथा विनोद कुमार कर्ष (39 वर्ष) निवासी टुण्ड्रा थाना गिधौरी जिला बलौदाबाजार-भाटापारा शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से सोने के टाप्स, चांदी की पायजेब, सोने का गाला, एक रियलमी मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को वाहन क्रमांक CG-10 BJ-2180 जप्त किया गया। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6,25,027 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में साइबर टीम के प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक सहित टीम के अन्य पुलिसकर्मियों तथा थाना बिर्रा स्टाफ का विशेष योगदान रहा।




