
जांजगीर-चांपा | 20 फरवरी 2026
जांजगीर-चांपा पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि नामांतरण कराने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सुनील सोनी निवासी सोनारपारा चांपा की शिकायत पर जांच की गई। जांच में सामने आया कि प्रार्थी के दादा स्व. उमाशंकर साव द्वारा वर्ष 1976 में ग्राम जगदल्ला स्थित भूमि खरारा नंबर 473, रकबा 1.13 एकड़ भूमि विधिवत विक्रय नामे के माध्यम से खरीदी गई थी।
जांच के दौरान पाया गया कि जगदल्ला निवासी रामसिंह गोड़ ने सुनहर गोड़ का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर उसका उपयोग किया और पहले से खरीदी गई भूमि का नामांतरण निरस्त कराने तथा अनुचित लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सुनहर गोड़ की वास्तविक मृत्यु तिथि 14 अक्टूबर 1979 होने के बावजूद आरोपी ने वर्ष 2016-17 में कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मृत्यु तिथि 4 मई 1970 दर्शाते हुए नया मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराया। बाद में इसी फर्जी प्रमाण पत्र का उपयोग न्यायालयीन प्रक्रिया में किया गया, जिससे प्रार्थी और उसके परिवार को मानसिक एवं आर्थिक नुकसान हुआ।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 50/2026 धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई।
👤 गिरफ्तार आरोपी
रामसिंह गोड़ (33 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 26, जगदल्ला, चांपा
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को 20 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
⭐ पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा तथा थाना स्टाफ चांपा का सराहनीय योगदान रहा।




