जांजगीर चाम्पा-थाना शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के एक गंभीर मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एक राय होकर चाकू से मारकर हत्या करने की घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित अन्य आरोपी शामिल पाए गए हैं। घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया गया है।
जांच में यह सामने आया कि विधि से संघर्षरत बालक ने अपने साथियों राजवीर आदिले, मनीष चौहान एवं साहिल सूर्यवंशी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। इस मामले में मृतक की प्रेमिका का भाई ही वारदात का मास्टरमाइंड निकला।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 103(1), 61(2) बीएनएस के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
घटना का विवरण:
मृतक राहुल चौहान, निवासी दर्रा थाना भटगांव जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था। वहां अज्ञात व्यक्तियों द्वारा धारदार हथियार से उसकी हत्या कर शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया गया। सूचना मिलने पर दिनांक 11.02.2026 को थाना शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग जांच पंचनामा कर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप एवं एसडीओपी चांपा श्री यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक का एक फरार आरोपी से मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद था। इसी बात को लेकर आरोपी को आपत्ति और नाराजगी थी, जिससे उसने मृतक के प्रति वैमनस्य पाल रखा था। दिनांक 11.02.2026 को इसी विवाद के चलते आरोपियों ने मृतक राहुल चौहान को अपने साथ ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सराहनीय योगदान:
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव थाना प्रभारी शिवरीनारायण, उप निरीक्षक सत्यम चौहान प्रभारी पुलिस सहायता केन्द्र राहौद, सउनि आर.पी. बघेल, प्रधान आरक्षक विरेन्द्र टंडन, सुधीर साहू, तारिकेश पाण्डेय, जगदीश, आरक्षक प्रवीण साहू, शिव कुमार कश्यप, बेदराम पटेल, आनंद साण्डे, रामगोपाल भारती, दिनेश चौहान, यशवंत पाटले एवं थाना शिवरीनारायण स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




