जांजगीर-चांपा, 11 फरवरी 2026। सायबर टीम एवं थाना चांपा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से नशीली कैप्सूल की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं नगदी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ आ रहे हैं और उनके पास भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल है। सूचना पर पुलिस टीम ने कोसमंदा रोड पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रामकिशोर कश्यप एवं प्रदीप पटेल बताया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से कुल 469 स्ट्रीप में प्रत्येक स्ट्रीप में 8-8 नग, कुल 3,752 नशीली कैप्सूल (कीमत लगभग ₹34,813), एक पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BM 2797), दो मोबाइल फोन एवं ₹200 नगद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में रामकिशोर कश्यप (20 वर्ष), निवासी कोसमंदा थाना चांपा तथा प्रदीप पटेल (20 वर्ष), निवासी बुदेली चौकी रजगामार जिला कोरबा शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध थाना चांपा में अपराध क्रमांक 58/26 के तहत धारा 21(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सायबर प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र, आरक्षक माखन साहू, रोहित कहरा एवं सउनि भुनेश्वर राठौर का सराहनीय योगदान रहा।




